छठ पर रांची में ट्रैफिक प्लान, भारी वाहनों पर रोक

छठ महापर्व को देखते हुए रांची यातायात विभाग ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। छठ इस बार 27 और 28 अक्टूबर को मनाया जाएगा। आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार 27 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से रात ग्यारह बजे तक और 28 अक्टूबर को तड़के दो बजे से सुबह दस बजे तक शहर में भारी मालवाहकों के प्रवेश पर रोक रहेगी। आपातकालीन सेवा वाहनों को इससे छूट दी गई है।

इन समयावधियों में भारी वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इसके अलावा 27 अक्टूबर को दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक छोटे मालवाहकों के संचालन पर भी प्रतिबंध रहेगा। उसी दिन दोपहर तीन बजे से रात आठ बजे तक चांदनी चौक से राम मंदिर के बीच ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चलेंगे।

अल्बर्ट एक्का चौक से चादरी तालाब और जेल चौक से अल्बर्ट एक्का चौक तक की सड़कों पर 27 अक्टूबर को यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। छठ घाटों के पास विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात विभाग ने लोगों से तय व्यवस्था का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।