मध्य प्रदेश राज्यसभा उपचुनाव की तिथि घोषित, 12 नवंबर को मतदान
भारतीय चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट के लिए उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। यह सीट सांसद एल. मुरुगन के इस्तीफे से रिक्त हुई है। आयोग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मुरुगन का इस्तीफा 14 अक्टूबर को प्रभावी हुआ था। उनका कार्यकाल मूल रूप से दो अप्रैल 2030 तक चलना था।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार 26 अक्टूबर को उपचुनाव की अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि दो नवंबर, नामांकनों की जांच तीन नवंबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि पांच नवंबर तय की गई है। मतदान 12 नवंबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा और उसी दिन शाम पांच बजे मतगणना की जाएगी।
चुनाव आयोग ने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर से पहले संपन्न कर ली जाएगी। गौरतलब है कि गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के उपचुनावों तथा राजस्थान और त्रिपुरा के नगर निकाय चुनावों में राजग की जीत का उल्लेख करते हुए कहा था कि जनता ने विपक्षी गठबंधन को पूरी तरह नकार दिया है।
