पटना में छठ तक रोज़ तीन चक्कर लगाएंगी कचरा गाड़ियां

दिवाली और छठ पूजा के मद्देनजर पटना नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया है। निगम ने सभी कचरा संग्रह वाहनों के लिए रोजाना तीन चक्कर लगाने का नियम तय किया है, ताकि शहर के सभी वार्डों से कचरे का समय पर उठान और निपटान हो सके। तय चक्कर पूरे न करने वाले वाहनों की निगरानी की जाएगी और संबंधित एजेंसियों के भुगतान में कटौती भी की जा सकती है।

निगम प्रशासन ने बताया कि त्योहारों के दौरान प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। अपशिष्ट परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वाहनों की रूट योजना भी दुरुस्त की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले बाजारों और घाटों के आसपास सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नगर निगम ने आम लोगों, दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से भी सहयोग की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि कचरा सिर्फ तय स्थानों पर ही डालें, सड़कों के किनारे निर्माण सामग्री न रखें और प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें। प्रशासन का मानना है कि जनभागीदारी के बिना त्योहारी सीजन में शहर को साफ रखना संभव नहीं होगा।