रांची वार्ड-46 की सरकारी भूमि के विकास की योजना

रांची नगर निगम ने सरकारी भूमि को जनहित में उपयोग में लाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। 23 अक्टूबर को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने वार्ड संख्या-46 अंतर्गत कुसई मौजा स्थित कैसर-ए-हिंद भूमि का निरीक्षण किया। यह भूमि करीब एक एकड़ 15 डिसमिल क्षेत्र में फैली है। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद आरती कुमारी, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा की टीम को क्षेत्र की जनसंख्या, स्थानीय जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों का आकलन कर विस्तृत विकास प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस भूमि पर जनकल्याणकारी योजनाओं, वेंडिंग जोन और व्यावसायिक दुकानों के विकास की संभावनाओं का अध्ययन किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ आजीविका के अवसर भी बढ़ें।

साथ ही भूमि से सटे नदी तट पर पाथवे निर्माण, भूमि के समतलीकरण, हाई मास्ट लाइट लगाने और समग्र लैंडस्केपिंग की योजना बनाने के भी निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि का संरक्षण करते हुए उसका जनहितकारी उपयोग निगम की प्राथमिकता है और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।