छठ महापर्व पर रांची के 74 घाटों की सफाई तेज
छठ महापर्व को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर के 74 तालाब घाटों पर विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया है। इस काम में 1200 से अधिक सफाईकर्मी लगाए गए हैं, ताकि छठव्रतियों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित घाट उपलब्ध कराए जा सकें। इससे पहले दुर्गा पूजा के बाद निगम ने 18 चिह्नित तालाबों और जलाशयों में विशेष अभियान चलाकर मूर्तियों के अवशेष और पूजा सामग्री हटाई थी, जिसमें 600 सफाईकर्मियों के साथ जेसीबी, ट्रैक्टर और गोताखोरों की मदद ली गई।
निगम ने शहर के सभी तालाबों में विसर्जन कुंड भी बनाए हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि घरों से निकलने वाली पूजन सामग्री सीधे तालाब में डालने के बजाय विसर्जन कुंड में ही डालें, जिससे पूजा सामग्री पूरे तालाब में न फैले और सफाईकर्मियों को निकालने में आसानी हो। छठ महापर्व और काली पूजा की तैयारियों को लेकर पूजा समितियों के प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर घाटों की सफाई, विद्युत व्यवस्था और काली पूजा से पहले स्टोन डस्ट उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
निगम अधिकारियों का कहना है कि छठ तक सभी घाटों को पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा। पूजा समितियों के साथ तालमेल बनाकर व्यवस्था को और बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और स्वच्छ माहौल में संपन्न हो सके।
