एलडीए की वरुण विहार, नैमिष नगर योजनाओं में भूखंडों की होड़
लखनऊ विकास प्राधिकरण की दो बड़ी आवासीय योजनाओं — वरुण विहार और नैमिष नगर — में भूखंड पाने के लिए आवेदकों के बीच जबरदस्त होड़ मची है। दोनों योजनाओं के कुल 4520 भूखंडों के लिए बंपर आवेदन आए हैं। आगरा एक्सप्रेसवे से जुड़ी वरुण विहार योजना में भूखंडों के मुकाबले पांच गुना तक, जबकि सीतापुर रोड की नैमिष नगर योजना में चार गुना से अधिक आवेदन जमा हो चुके हैं। दोनों योजनाओं की बुकिंग 24 अक्टूबर को पूरी हो रही है।
वरुण विहार योजना करीब 6580 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही है, जिसके काशी और कैलाश खंड में 2847 भूखंडों की बुकिंग कराई जा रही है। वहीं 3600 एकड़ में फैली नैमिष नगर योजना में 1673 भूखंड शामिल हैं। दोनों योजनाओं में 72 वर्ग मीटर से लेकर 450 वर्ग मीटर तक के भूखंड हैं, जो 18 मीटर से 45 मीटर चौड़ी सड़कों पर स्थित होंगे। इन योजनाओं में विभिन्न आय वर्गों के लोगों की जरूरतों का ध्यान रखा गया है।
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत 24 सितंबर से इन योजनाओं के लिए पंजीकरण चल रहा था। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि जो आवेदन मिल चुके हैं, उनकी लाटरी नवंबर माह में ही करा दी जाएगी। साथ ही दोनों योजनाओं के नए भूखंडों का पंजीकरण भी जल्द शुरू कराने की तैयारी है, ताकि राजधानी के विस्तार को नई दिशा मिल सके।
