शादी से इनकार पर प्रेमी ने युवती की चाकू से हत्या

मुंबई के नेरुल रेलवे स्टेशन के बाहर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षा कर्मचारी के तौर पर काम करने वाली 21 वर्षीय युवती की उसके पूर्व प्रेमी ने कथित तौर पर चाकू से कई वार कर हत्या कर दी। युवती के शादी के प्रस्ताव से इनकार करने पर आरोपी ने यह खौफनाक कदम उठाया।

मृतका की पहचान सादिया जहीर शेख के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी दानिश मोहम्मद अंसारी (27) ने जीटीबी नगर से लेकर नेरुल रेलवे स्टेशन के बाहर बस स्टॉप तक युवती का पीछा किया और वहां उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को सायन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी ई-कॉमर्स डिलीवरी कर्मी के तौर पर काम करता है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती के मना करने पर उसने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।