यूपी पीईटी कल से, 60 शहरों के 1372 केंद्रों पर परीक्षा
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 रविवार से शुरू हो रही है। परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को तीन दिन में पूरी होगी। इसके लिए प्रदेश के 60 शहरों में 1372 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और छह पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहले दिन करीब 12 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
सरकारी नौकरी की दौड़ में शामिल होने के लिए प्रदेश में 35 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से दो घंटे पहले केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंचने की सलाह दी है। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे, इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा में नकल और अनुचित तरीकों पर अंकुश लगाने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों की फोटो और आइरिस स्कैन के जरिये बायोमीट्रिक डाटा लिया जाएगा। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी।
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड ले जाना अनिवार्य है। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें, निर्देशों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
