यूपी की चार औद्योगिक इकाइयों को मिलेगा 56 करोड़ प्रोत्साहन
उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने चार औद्योगिक इकाइयों को 56.25 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रोत्साहन देने के प्रस्तावों को मंजूरी दी है। यह निर्णय मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित एम्पावर्ड कमेटी की 12वीं बैठक में लिया गया। यह प्रोत्साहन कोविड-19 त्वरित निवेश प्रोत्साहन नीति-2020 के तहत दिया जाएगा।
बैठक में हमीरपुर, बाराबंकी, अमेठी और गोरखपुर की चार औद्योगिक इकाइयों के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। इन इकाइयों को अलग-अलग तिमाही अवधियों के लिए वित्तीय प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे इन क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृत प्रस्तावों के अनुसार जेके सीमेंट लिमिटेड, हमीरपुर को 10.11 करोड़ रुपये, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड, बाराबंकी को 12.77 करोड़ रुपये, कनोडिया सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड, अमेठी को 7.41 करोड़ रुपये और अंकुर उद्योग लिमिटेड, गोरखपुर को 25.97 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन मिलेगा।
इस नीति का उद्देश्य प्रदेश के आर्थिक रूप से पिछड़े क्षेत्रों में बड़े औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करना है। इसके तहत मध्यांचल, पूर्वांचल और बुंदेलखंड क्षेत्रों में मेगा श्रेणी की औद्योगिक इकाइयों को विशेष सुविधाएं और रियायतें देने की व्यवस्था है। सरकार की इस पहल से प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
