मतदान के चलते आज यूपी में बारहवीं तक स्कूल बंद
विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के कारण शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में बारहवीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद रहे। चुनाव आयोग के आदेश पर जिला निर्वाचन अधिकारी यानी जिलाधिकारी के निर्देश से बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षकों ने स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए थे।
प्रदेश के 75 में से 72 जिलों में मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें नोएडा और गाजियाबाद भी शामिल हैं। कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव में इन सीटों का चुनाव पहले ही हो चुका है। कुल 11 सीटों के लिए पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान हुआ।
चुनाव अधिकारियों के मुताबिक 14,81,310 पंजीकृत मतदाता 152 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। मतदान केंद्रों के आसपास शराब की दुकानें भी बंद रखी गईं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित होने की उम्मीद है।
