प्रयागराज में मतदाता पर्चियों में गड़बड़ी, आयोग ने दी सफाई
प्रयागराज में विधान परिषद चुनाव की मतदाता पर्चियों में अजीबोगरीब गलतियाँ सामने आने से हड़कंप मच गया है। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में कई जगह नामों की जगह ‘राम ने यादव को मारा’ और ‘राम ने शर्मा को मारा’ जैसे वाक्य दर्ज मिले हैं, तो किसी मतदाता के पिता के नाम की जगह ‘बी.कॉम’ लिखा पाया गया। सपा प्रत्याशी मान सिंह यादव ने इन गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाए हैं।
मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चुनाव आयोग को सफाई देनी पड़ी। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने गुरुवार को स्वीकार किया कि 11 निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 14.81 लाख प्रविष्टियों में से 158 में इस तरह की असामान्य गलतियाँ मिली हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार स्नातक और शिक्षक क्षेत्रों की मतदाता सूचियाँ डिजिटल तरीके से तैयार की गईं, और अंग्रेजी नामों के हिंदी लिप्यंतरण के लिए लाए गए सॉफ्टवेयर ने कई जगह अनुवाद ही कर डाला, जिससे ये गलतियाँ हुईं।
प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा है कि जिले को शांतिपूर्ण मतदान के लिए 50 जोनों में बांटा गया है और हर जोन की निगरानी अलग टीम करेगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि पर्ची में छोटी-मोटी गलती के कारण कोई भी मतदान से वंचित नहीं होगा। शुक्रवार सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान हुआ और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
