निवेश के नाम पर 22.5 लाख की ठगी, दो गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर 22.5 लाख रुपये की ठगी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पीड़ित को ऑनलाइन मंच के जरिए निवेश का लालच देकर फंसाया गया था। इस संबंध में 29 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद वित्तीय लेन-देन की जांच से आरोपियों तक पहुंचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय राज कुमार और 29 वर्षीय विपिन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनसे चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में पता चला कि ठगी की रकम में से एक लाख रुपये राज कुमार के बैंक खाते में भेजे गए थे। पुलिस ने राज कुमार को 17 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के मथुरा से पकड़ा।
पूछताछ में राज कुमार ने बताया कि उसने अपने बहनोई विपिन कुमार के कहने पर 15 हजार रुपये में खाता खुलवाया था। इसके बाद पुलिस ने विपिन कुमार को 18 अक्टूबर को यूपी के टप्पल से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार विपिन कुमार कमीशन पर दूसरों के लिए बैंक खाते जुटाकर मुहैया कराता था।
