गुरुग्राम पुलिस ने नौ माह में पकड़े 1709 साइबर ठग
गुरुग्राम पुलिस ने डिजिटल ठगी के खिलाफ नौ महीने के अभियान में 1,709 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने 44.17 करोड़ रुपये की रकम ब्लॉक या वसूल की, जबकि ठगे गए पीड़ितों को 29.01 करोड़ रुपये लौटाए भी गए हैं। पुलिस ने बैंकिंग एपीआई और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों को निशाना बनाने वाले एक परिष्कृत गिरोह के खिलाफ नया मोर्चा भी खोला है।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार इस साल एक जनवरी से 30 सितंबर के बीच साइबर अपराध इकाइयों को 33,376 शिकायतें मिलीं, जिनमें कुल 166.47 करोड़ रुपये के नुकसान की बात कही गई। इन शिकायतों पर 1,017 एफआईआर दर्ज की गईं और 530 मामलों को सुलझा लिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर तत्काल वित्तीय हस्तक्षेप, ई-जीरो एफआईआर और खातों की ट्रेसिंग की नीति से वसूली दर में सुधार हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ठगी का शिकार होते ही तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
