गुवाहाटी में आठ दिवसीय शिल्प समागम मेला 2026 शुरू

गुवाहाटी। देशभर के पारंपरिक शिल्पकारों की कला को बड़ा बाज़ार देने के उद्देश्य से असम की राजधानी गुवाहाटी में आठ दिवसीय शिल्प समागम मेला 2026 की शुरुआत हो गई है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में विभिन्न राज्यों से आए शिल्पकार अपने हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री कर रहे हैं।

मेले में हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, बाँस और बेंत की वस्तुएँ, मिट्टी के बर्तन तथा पारंपरिक परिधान समेत अनेक उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हैं। शिल्प समागम का उद्देश्य समाज के वंचित और हाशिए के समुदायों के कारीगरों को सीधे खरीदारों से जोड़ना है, ताकि बिचौलियों पर निर्भरता घटे और उनकी आय बढ़े।

आयोजकों के अनुसार, ऐसे मेले शिल्पकारों को अपने उत्पादों की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बनाने का अवसर देते हैं। मेले में आने वाले लोगों को भी एक ही स्थान पर देश की विविध शिल्प परंपराओं को देखने और समझने का मौका मिल रहा है। आठ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन से पूर्वोत्तर के स्थानीय कारीगरों को भी विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।