इसरो के नए लॉन्च केंद्र का काम अस्सी प्रतिशत पूरा

तमिलनाडु के कुलसेकरपट्टिनम में बन रहे इसरो के नए अंतरिक्ष प्रक्षेपण केंद्र का काम करीब अस्सी प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसरो के अधिकारियों के मुताबिक यह केंद्र छोटे उपग्रहों के प्रक्षेपण के लिए विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है और इसके चालू होने से भारत की प्रक्षेपण क्षमता में बड़ा इजाफा होगा।

अभी तक भारत के सभी प्रमुख प्रक्षेपण आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से होते हैं। कुलसेकरपट्टिनम केंद्र के शुरू होने से श्रीहरिकोटा पर दबाव कम होगा और छोटे वाणिज्यिक उपग्रहों के लिए समर्पित सुविधा मिलेगी। यह केंद्र निजी अंतरिक्ष कंपनियों और स्टार्टअप्स के लिए भी नए अवसर खोलेगा।

इसरो के प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स के निदेशक के अनुसार गगनयान कार्यक्रम के शुरुआती चरण के करीब 95 प्रतिशत परीक्षण भी पूरे हो चुके हैं। कुलसेकरपट्टिनम परियोजना के साथ-साथ इसरो मानव अंतरिक्ष उड़ान, पुन: प्रयोज्य प्रक्षेपण यान और भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं पर एक साथ काम कर रहा है।

अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी भागीदारी बढ़ने के बाद भारत वैश्विक प्रक्षेपण बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नया केंद्र इस रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।