यूपी स्टार्टअप नीति 2026 से युवाओं को मिलेगा बढ़ावा
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश को स्टार्टअप का हब बनाने के लिए स्टार्टअप नीति-2026 लागू की है। इस नीति में नवाचार, तकनीक और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर खास जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य ऐसा मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम तैयार करना है, जहां युवाओं को अपने विचारों को कारोबार में बदलने का पूरा अवसर मिले।
नई नीति के तहत युवाओं, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और नए उद्यमियों को वित्तीय सहायता, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन, तकनीकी सुविधाएं और अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के अवसर एक ही व्यवस्था के तहत मिलेंगे। इससे प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप नए उद्यमों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
नीति को छह प्रमुख स्तंभों पर तैयार किया गया है। इनमें बुनियादी ढांचे का विकास, वित्तीय सहायता, प्रतिभा विकास एवं क्षमता निर्माण, उद्योगों से जुड़ाव, इकोसिस्टम का प्रचार-प्रसार और इकोसिस्टम को मजबूत बनाना शामिल है। इन स्तंभों के जरिए स्टार्टअप को हर स्तर पर सहारा देने की योजना है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग और डीप-टेक जैसी उभरती तकनीकों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवा नौकरी तलाशने वालों के साथ-साथ रोजगार देने वाले उद्यमी भी बनें। इससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
