कानपुर में मल्टी लेवल कार पार्किंग तैयार, 334 कारें खड़ी होंगी

कानपुर शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में लगने वाले जाम से लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। कानपुर स्मार्ट सिटी मिशन के तहत करीब 47.83 करोड़ रुपये की लागत से बनी मल्टी लेवल कार पार्किंग बनकर तैयार हो गई है। 21 अक्टूबर को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया और बचे हुए काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

नोडल प्रभारी आरके तिवारी के अनुसार 95 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है और थर्ड पार्टी निरीक्षण भी संपन्न हो गया है। इस पार्किंग में एक साथ 334 कारें और 100 बाइकें खड़ी की जा सकेंगी। भूतल पर 11 दुकानों का संचालन कराया जाएगा, जबकि छत पर कैफेटेरिया बनाने की योजना है। लोग दो स्थानों से अपनी गाड़ियां ला और ले जा सकेंगे।

नगर आयुक्त ने कहा कि करीब 50 लाख की आबादी वाले कानपुर को पहली बार मल्टी लेवल कार पार्किंग की सुविधा मिलेगी। इससे कचहरी, पुलिस लाइन, डीएम कार्यालय और तहसील कार्यालय समेत आसपास के इलाकों में लगने वाले जाम से छुटकारा मिलने की उम्मीद है। राहगीरों का कहना है कि इस क्षेत्र में वर्षों से जाम की समस्या बनी हुई है।