योगी सरकार ने बढ़ाए पुलिसकर्मियों के तीन भत्ते, जवानों में खुशी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिसकर्मियों के तीन भत्तों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। लखनऊ में शहीद स्मारक पर आयोजित परेड में उन्होंने कहा कि फील्ड ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षकों और निरीक्षकों का मोटरसाइकिल भत्ता 700 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रतिमाह किया जा रहा है।
पीपीएस संवर्ग के अधिकारियों का यूनिफॉर्म भत्ता 6,400 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये किया गया है। इसके अलावा फील्ड ड्यूटी में तैनात आरक्षियों और मुख्य आरक्षियों का सिम भत्ता 2,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये प्रतिमाह किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि शहीदों का ऋण राष्ट्र कभी नहीं चुका सकता।
योगी ने कहा कि बच्चे का सुरक्षित स्कूल पहुंचना, बेटी का बिना डर घर से निकलना और व्यापारी का निश्चिंत होकर कारोबार करना सामान्य लग सकता है, लेकिन इसके पीछे पुलिसकर्मियों की कड़ी मेहनत और सतर्कता होती है। उन्होंने यह भी कहा कि नए उत्तर प्रदेश में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। राज्य में 2.26 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती और हर जिले में साइबर थानों की स्थापना का जिक्र करते हुए उन्होंने पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर जोर दिया।
