दिल्ली पुलिस में बड़ा फेरबदल, कई अधिकारियों की नई तैनाती

दिल्ली पुलिस में शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। गृह विभाग ने उपराज्यपाल के आदेश पर आईपीएस और डैनिप्स कैडर के 15 से अधिक अधिकारियों की तैनाती में बदलाव का आदेश जारी किया, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। क्राइम ब्रांच, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, स्पेशल सेल, सुरक्षा और आर्थिक अपराध शाखा समेत कई अहम इकाइयों के प्रभार बदले गए हैं।

तैनाती सूची के अनुसार 2009 बैच की आईपीएस अधिकारी मोनिका भारद्वाज को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त क्राइम से हटाकर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की जिम्मेदारी दी गई है। राहुल मलिक और गौरव शर्मा को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सुरक्षा बनाया गया है, जबकि राजा बंथिया को डीसीपी प्रौद्योगिकी और नेहा यादव को डीसीपी पीएमएमसी का प्रभार मिला है। डैनिप्स अधिकारी सुबोध कुमार गोस्वामी अब दिल्ली पुलिस अकादमी में उप निदेशक होंगे। यह फेरबदल ऐसे दिन हुआ है जब राजधानी में प्रदर्शन के ऐलान के बीच पुलिस ने जंतर-मंतर इलाके में ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है।