आयुष्मान भारत से नालासोपारा में मुफ्त इलाज की मिसाल

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। महाराष्ट्र के नालासोपारा स्थित सोपारा अस्पताल (वसई-विरार महानगरपालिका) ने आयुष्मान कार्डधारकों को पूरी तरह मुफ्त इलाज देकर मिसाल कायम की है। यहां हृदय रोग, निमोनिया, सांस की तकलीफ, दमा, खून की कमी, पीलिया और डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज बिना किसी खर्च के किया जा रहा है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार पिछले एक महीने में 15 से अधिक मरीजों का मुफ्त इलाज किया गया है। अस्पताल प्रभारी डॉ. गौरव वाघ ने बताया कि इन मरीजों में निमोनिया, हृदय संबंधी समस्या और खून की कमी जैसी गंभीर स्थितियां थीं, लेकिन आयुष्मान कार्ड के जरिए उन्हें उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधा मिली।

एक मरीज के परिजन ने बताया कि उनके पति शेख पिछले 18 दिनों से सांस की गंभीर तकलीफ के कारण आईसीयू में भर्ती हैं। उनका कहना है कि आयुष्मान कार्ड न होता तो इतना महंगा इलाज करा पाना उनके लिए असंभव था। योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा मिलता है।

डॉ. वाघ ने आम लोगों से अपील की है कि वे आयुष्मान भारत योजना का पूरा लाभ उठाएं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 31 अगस्त 2026 तक इस योजना से 13.25 करोड़ अस्पताल भर्तियां हो चुकी हैं।