दिल्ली में सीईसी के खिलाफ प्रदर्शन, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में सैकड़ों प्रदर्शनकारी गोल डाकखाना के पास इकट्ठा हुए और वहां से भारतीय निर्वाचन आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च शुरू किया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है।
यह मार्च ‘पीपल अगेंस्ट एसआईआर’ की दिल्ली समन्वय समिति के आह्वान पर आयोजित किया गया था। इसमें सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और माकपा नेता वृंदा करात समेत कई प्रमुख चेहरे शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के नाम पर मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं, और वे मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। बंगला साहिब गुरुद्वारे के पास दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान बड़ी संख्या में तैनात किए गए। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली में तैनात 273 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) कंपनियों की तैनाती दूसरी बार बढ़ाकर 31 अक्टूबर तक कर दी है, ताकि किसी भी अचानक प्रदर्शन से निपटा जा सके।
