त्योहारों पर भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ेगी पुलिस गश्त

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि त्योहारों के समय जरा सी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहें। भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर पुलिस गश्त बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं।

निर्देशों के अनुसार प्रमुख स्थानों पर ड्रोन और सीसीटीवी से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर टेंडर अलर्ट पर रहेंगे। मुख्यमंत्री ने शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस, प्रशासन और नगर निगम के बीच निरंतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने यातायात को सुचारु रखने, निर्बाध बिजली आपूर्ति और समुचित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही अपराधियों और माफिया तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रखने को कहा गया है।