योगी बोले, हर शिकायत पर 24 घंटे में हो कार्रवाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जनता की हर शिकायत पर 24 घंटे के भीतर जवाबी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्विवाद राजस्व मामलों का निपटारा 15 दिनों के भीतर कर दिया जाए। मुख्यमंत्री नवरात्र और छठ पर्व की तैयारियों की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।

बैठक में मुख्यमंत्री ने त्योहारी सीजन में गश्त बढ़ाने, महिला सुरक्षा के विशेष इंतजाम और यातायात प्रबंधन सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विजयादशमी पर पुतला दहन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था हो और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने जुलूस और मूर्ति विसर्जन मार्गों पर लटकते बिजली के तारों की मरम्मत, जर्जर खंभों और ट्रांसफार्मरों की जांच तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के भी आदेश दिए। उन्होंने कहा कि मार्गों पर पर्याप्त रोशनी, सफाई और अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाए जा सकें।