लखनऊ का डालीगंज फ्लाईओवर दिवाली से पहले खुलने की उम्मीद

लखनऊ के लोगों को दीवाली से पहले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत डालीगंज और पक्का पुल के बीच बन रहा 1.1 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर लगभग तैयार हो चुका है। जमीन से करीब 25 मीटर की ऊंचाई पर बना यह फ्लाईओवर रेलवे लाइन के ऊपर से गुजरेगा और पुराने लखनऊ की यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत देगा।

अधिकारियों के अनुसार छह अक्टूबर को लखनऊ विकास प्राधिकरण की टीम ने परियोजना का निरीक्षण किया था। फ्लाईओवर का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि सड़क का काम और स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम अंतिम चरण में है। उम्मीद है कि अक्टूबर के अंत तक शेष काम पूरा कर लिया जाएगा।

इस फ्लाईओवर के खुलने के बाद बसंतकुंज से गोमतीनगर के समता मूलक चौराहे तक का 12 किलोमीटर का सफर महज 20 मिनट में पूरा हो सकेगा। इससे पुराने लखनऊ के करीब दस लाख लोगों को सीधा फायदा मिलने का अनुमान है। बताया जा रहा है कि रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह इसका उद्घाटन कर सकते हैं।