सोना तीन हजार सस्ता, चांदी में दस हजार की गिरावट
सर्राफा बाजार में इस सप्ताह सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सोना करीब तीन हजार रुपये सस्ता होकर लगभग 1.46 लाख रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर पर आ गया है। वहीं चांदी में 10,191 रुपये की भारी गिरावट आई और इसके दाम करीब 2.11 लाख रुपये प्रति किलो रह गए।
त्योहारी सीजन के बीच कीमतों में आई इस नरमी से खरीदारों को राहत मिली है। आभूषण विक्रेताओं का कहना है कि दाम घटने के बाद दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। धनतेरस और दीपावली से पहले यह गिरावट खरीदारी के लिए अच्छा मौका मानी जा रही है।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी और मुनाफावसूली के कारण कीमती धातुओं पर दबाव बना। हालांकि आगे की चाल वैश्विक आर्थिक संकेतों और डॉलर की स्थिति पर निर्भर करेगी। विशेषज्ञ खरीदारों को सलाह दे रहे हैं कि वे लंबी अवधि की योजना बनाकर ही खरीदारी करें।
