विकास नगर हत्याकांड में स्पेशल सेल ने शूटर समेत दो पकड़े
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने विकास नगर में दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में मुख्य शूटर रेहान और एक किशोर को नजफगढ़ से गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से दो पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा थी।
स्पेशल सेल के डीसीपी नरा चैतन्य के अनुसार 11 अक्टूबर 2026 को विकास नगर के बी-ब्लॉक में प्रधान चौक के पास मोहम्मद मोहनीश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावरों ने उसे पीछे से घेरकर नजदीक से अंधाधुंध गोलियां चलाईं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। रन्हौला थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक मृतक मोहनीश रन्हौला थाने का घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ था और उस पर दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे, जिनमें झपटमारी, लूट, हत्या का प्रयास, रंगदारी और अवैध हथियारों के आरोप शामिल हैं। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।
