लखनऊ अकादमी बनेगी AI और डिजिटल गवर्नेंस का केंद्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी को एआई, डेटा एनालिटिक्स और डिजिटल तकनीक के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। शुक्रवार को मिशन कर्मयोगी के तहत आयोजित ‘साधना श्रृंखला-2026’ क्षेत्रीय कार्यशाला में उन्होंने कहा कि अधिकारियों को नई तकनीकों से लैस करना समय की जरूरत है।

दो दिवसीय इस कार्यशाला में आठ राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यशाला का उद्देश्य सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और योग्यता-आधारित संस्थानों में बदलना है, ताकि प्रशासन अधिक नागरिक-केंद्रित बन सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल डिग्री और नियुक्ति पत्र मिलने से कोई व्यक्ति सक्षम नहीं हो जाता; सीखने और नई तकनीक अपनाने की क्षमता विकसित करना ही क्षमता निर्माण है। उन्होंने पिछले नौ-ढाई वर्षों में राज्य की जीडीपी, बजट और प्रति व्यक्ति आय तीन गुना होने का दावा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अब पांच अंतरराष्ट्रीय और 17 घरेलू हवाई अड्डे हैं।