यूपी मतदाता सूची गड़बड़ी पर चुनाव आयोग ने मांगा स्पष्टीकरण
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की मतदाता सूची में अजीब नाम सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण माँगा है। इलाहाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सूची में कुछ मतदाताओं के नाम और उनके परिजनों के नाम असामान्य पाए गए, जिससे सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार पहली बार ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा दी गई थी, जिसमें अंग्रेजी में टाइप किए गए नामों का हिंदी में लिप्यंतरण किया जाना था। सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी से कुछ नामों का गलत अनुवाद हो गया। कुल 14,81,310 प्रविष्टियों में से 158 प्रविष्टियों में इस तरह की गड़बड़ी पाई गई है।
अधिकारियों ने बताया कि गलतियों को सुधारने की व्यवस्था थी, लेकिन जहाँ लोगों ने ध्यान नहीं दिया, वहाँ गलतियाँ रह गईं। पिता के नाम के स्थान पर बीकॉम लिखा जाना मानवीय भूल भी हो सकती है। आयोग ने संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी और अतिरिक्त अधिकारी से जवाब माँगा है।
कांग्रेस ने इस मामले की निष्पक्ष जाँच और मतदाता सूची के पूरे आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की है। विपक्ष का कहना है कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की बुनियाद है। चुनाव आयोग ने भरोसा दिलाया है कि पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की जाएगी और सूची को सुधारने की प्रक्रिया जारी रहेगी।
