पीईटी परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने दिए कड़े सुरक्षा निर्देश
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए लखनऊ में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के कड़े निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। परीक्षा के दिन जाम से निपटने के लिए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को भी कहा गया है। भीड़-भाड़ वाले इलाकों का सर्वे कर अधिकारी सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।
अभ्यर्थियों की सुविधा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक आसानी से पहुंचाने की व्यवस्था करे। दूसरे जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रैन बसेरों में सम्मानजनक ठहरने की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही परिवहन विभाग से समन्वय कर पर्याप्त बसों की व्यवस्था और रेलवे के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पुलिस प्रशासन को फील्ड में मुस्तैद रहकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य भर में परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
