पश्चिमी यूपी में आज बारिश-ओलों की चेतावनी, किसान सतर्क रहें
उत्तर प्रदेश में मौसम के मिजाज में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में आज यानी 24 अक्टूबर को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने बताया है कि इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र और नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की स्थिति बनी है। 28 और 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश और ओलों से फसलों को नुकसान होने की आशंका है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें और खेतों में जलभराव से बचाव के इंतजाम करें।
पिछले दिनों हुई भारी बारिश के बाद प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। हालांकि दोपहर के समय अभी भी गर्मी का एहसास हो रहा है। लोगों को मौसम के बदलाव के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
