कैफे मालिक की मौत में श्रद्धा दुबे समेत तीन हिरासत में
लखनऊ के कैफे मालिक शिवा शर्मा की मौत के मामले में इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को अदालत ने दस दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। तीनों को नागपुर से गिरफ्तार कर गुरुवार को लखनऊ लाया गया था। स्पेशल टास्क फोर्स ने मंगलवार को नागपुर के एक फ्लैट से तीनों को पकड़ा था और गिरफ्तारी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
लखनऊ के पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के मुताबिक नागपुर अदालत से 72 घंटे का ट्रांजिट रिमांड लेकर पुलिस टीम बुधवार दोपहर बाद नागपुर से रवाना हुई और गुरुवार सुबह करीब दस बजे हजरतगंज थाने पहुंची। कानूनी औपचारिकताओं और श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद तीनों को अदालत में पेश किया गया। रात करीब नौ बजे तीनों को गोसाईंगंज स्थित जिला जेल भेज दिया गया, जहाँ दोनों बहनों को महिला बैरक और दानिश को पुरुष बैरक में रखा गया है।
शिवा शर्मा (27) की नौ अक्टूबर की रात हजरतगंज के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की बालकनी से गिरकर मौत हो गई थी। उनकी मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा दुबे और साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया है कि शिवा ने आत्महत्या की थी। जांच में यह भी सामने आया है कि दुबे ने बहराइच के रास्ते नेपाल में छिपने में आमिर नाम के व्यक्ति की मदद ली थी।
