आम्रपाली दुबे की फिल्म रोजा का ट्रेलर हुआ रिलीज
भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री आम्रपाली दुबे की आगामी फिल्म रोजा का ट्रेलर रिलीज हो गया है। बी4यू भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी चार मिनट 54 सेकंड का ट्रेलर एक ऐसी महिला की संघर्षपूर्ण कहानी पेश करता है, जिसे नवजात बच्चे के साथ घर से बाहर निकाल दिया जाता है।
ट्रेलर में आम्रपाली दुबे एक मुस्लिम महिला रोजा की भूमिका में नजर आ रही हैं। कहानी में उनके किरदार का दर्द, संघर्ष और विपरीत परिस्थितियों से लड़ने का साहस साफ दिखाई देता है। ट्रेलर ने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
आम्रपाली दुबे भोजपुरी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक हैं। इन दिनों वे बिग बॉस में अपनी मौजूदगी को लेकर भी चर्चा में हैं। रोजा में उनका गंभीर और भावनात्मक किरदार दर्शकों को एक अलग अंदाज में देखने को मिलेगा।
फिल्म की कहानी महिला संघर्ष और आत्मसम्मान के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है। ट्रेलर को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। अब फिल्म के रिलीज होने पर यह देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक इस कहानी को कितना पसंद करते हैं।
