पीईटी परीक्षा से पहले हापुड़ में डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा पीईटी-2026 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए हापुड़ जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। आगामी 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने खुद मोर्चा संभाला है।
दोनों आला अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ थाना हापुड़ नगर और पिलखुवा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न परीक्षा केंद्रों का धरातल पर जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अभ्यर्थियों के बैठने के इंतजाम और प्रवेश व निकास द्वारों की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया।
परीक्षा केंद्रों के प्रभारियों और संबंधित थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्रों के आसपास पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी। अभ्यर्थियों को तय नियमों के तहत ही प्रवेश दिया जाएगा ताकि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा में खलल डालने या उसकी शुचिता से समझौता करने वाले किसी भी अराजक तत्व के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी को रोकना है।
