दीपावली-छठ पर रांची प्रशासन अलर्ट, घाटों पर एनडीआरएफ तैनात होगी
दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खासकर छठ महापर्व के दौरान तालाबों और घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, भीड़ नियंत्रण और दुर्घटनाओं की आशंका को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
नगर निगम के अधिकारियों को सभी संबंधित घाटों और तालाबों का पहले से निरीक्षण करने को कहा गया है। घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित पहुंच मार्ग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार क्रेन की व्यवस्था के साथ-साथ घाटों पर एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तालाबों और घाटों पर बांस की बैरिकेडिंग कर सुरक्षित गहराई निर्धारित की जाएगी। प्रशासन ने छठ घाटों पर तैराकी पर पूरी तरह प्रतिबंध रखने का निर्देश दिया है। पर्व से पहले घाटों तक पहुंचने वाली सड़कों की मरम्मत और सफाई कराने पर भी जोर दिया गया है।
