बलिया में जिला स्तरीय मिलेट्स महोत्सव का होगा आयोजन

बलिया में मोटे अनाज के उत्पादन और उपभोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार, 24 अक्टूबर को जिला स्तरीय मिलेट्स महोत्सव एवं मेले का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव शहर के ऑफिसर्स क्लब में आयोजित होगा, जिसमें मोटे अनाज से तैयार विभिन्न व्यंजनों का प्रदर्शन किया जाएगा।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत आयोजित इस महोत्सव में प्रतिभागियों के बीच रेसिपी प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा। कृषि निदेशालय की कार्ययोजना और जिलाधिकारी की अनुमति के क्रम में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

महोत्सव में मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत रेसिपी विकास और उपभोक्ता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां भी होंगी। कार्यक्रम में जिले के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों, किसान उत्पादक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों और व्यक्तिगत शेफ को भाग लेने का अवसर मिलेगा।

आयोजन के दौरान श्रव्य-दृश्य माध्यमों से किसानों और अन्य प्रतिभागियों को मिलेट्स की खेती, मोटे अनाज से बनने वाले उत्पादों, उनके उपयोग और पोषण संबंधी लाभों की जानकारी दी जाएगी। आयोजन में जिले के किसान, स्कूली छात्र, कृषि विभाग के अधिकारी, तकनीकी कर्मी और कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक भी भाग लेंगे।