शामली में मतदाता सूची संशोधन के लिए लगेगा विशेष कैम्प

शामली जिले में मतदाता सूची से छूटे हुए लोगों और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए शनिवार, 24 अक्टूबर को विशेष कैम्प दिवस का आयोजन किया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी है कि इस दिन जिले के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेविल अधिकारी और पदाभिहित अधिकारी मौजूद रहेंगे। ये अधिकारी सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक मतदान केंद्रों पर बैठकर लोगों से दावे और आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

विशेष कैम्प के दौरान मतदाताओं की सहायता के लिए ग्राम स्तर के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति भी अनिवार्य की गई है। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, किसान सेवक, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और लेखपाल शामिल हैं। ये सभी कर्मचारी निर्धारित समय तक केंद्रों पर मौजूद रहकर लोगों की मदद करेंगे।

जिला प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है या जिन्हें अपने विवरण में संशोधन कराना है, वे इस विशेष कैम्प का लाभ उठाएं। पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के लिए भी यह अच्छा अवसर है कि वे अपना नाम सूची में दर्ज करा सकें।