महाराष्ट्र में 282 नौसेना अग्निवीर बने पुलिस कांस्टेबल

मुंबई। अग्निपथ योजना के तहत सेवा पूरी कर चुके युवाओं के लिए महाराष्ट्र सरकार ने बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को बताया कि महाराष्ट्र के मूल निवासी 282 नौसेना अग्निवीरों को राज्य पुलिस में कांस्टेबल के पद पर नियुक्ति दे दी गई है। इनके नियुक्ति आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में जानकारी दी कि केंद्र सरकार से प्राप्त पहली सूची के आधार पर 150 सी-मैन डेक साइड और 132 सी-मैन इंजन साइड अग्निवीरों को पुलिस बल में जगह दी गई है। राज्य मंत्रिमंडल ने पहले ही सरकारी नौकरियों में अग्निवीरों के लिए आरक्षण का फैसला लिया था और इसके लिए नियमों में जरूरी बदलाव किए गए थे।

फडणवीस ने कहा कि सेना और वायुसेना के अग्निवीरों के लिए भी आने वाले समय में पुलिस बल में अवसर सुनिश्चित किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि देश सेवा से लौटे युवाओं का अनुभव राज्य की आंतरिक सुरक्षा में काम आए। नियुक्त अग्निवीरों को मुख्यमंत्री ने नए कार्यभार के लिए शुभकामनाएं दी हैं।