फर्जी सप्लायर बनकर गारमेंट व्यापारी से दो लाख की ठगी
दिल्ली पुलिस ने तैयार कपड़ों और सिलाई मशीन सामग्री का फर्जी सप्लायर बनकर एक गारमेंट व्यापारी से करीब दो लाख रुपये ठगने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 41 वर्षीय पवन कुमार डुग्गर के रूप में हुई है, जिसे बदरपुर इलाके से दबोचा गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने छह जुलाई को उनसे संपर्क किया था। उसने फर्जी कैटलॉग, बिल और ट्रांसपोर्ट दस्तावेज दिखाकर व्यापारी का भरोसा जीत लिया। इस जाल में फंसकर व्यापारी ने करीब दो लाख रुपये का भुगतान कर दिया, लेकिन तय माल कभी नहीं मिला। धोखाधड़ी का एहसास होने पर व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपी का पता लगाया और उसके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने और कितने लोगों को इसी तरह निशाना बनाया था।
