बेंगलुरु में सिम बॉक्स गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार
कर्नाटक पुलिस की साइबर कमांड यूनिट ने बेंगलुरु में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। व्हाइटफील्ड क्षेत्र में चल रहे अवैध सिम बॉक्स नेटवर्क से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के दो नाबालिग भी शामिल हैं।
एयरटेल के अधिकारियों की शिकायत पर 26 अगस्त को मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद साइबर कमांड ने दूरसंचार विभाग के साथ मिलकर कदुगोड़ी और पट्टांदूर अग्रहार के दो किराए के मकानों पर छापा मारा, जहां से दस सिम बॉक्स और अन्य उपकरण जब्त किए गए। हर बॉक्स में 32 सिम लगाने की क्षमता है, यानी इस नेटवर्क में एक साथ 320 सिम इस्तेमाल हो रहे थे।
जांच में सामने आया है कि आरोपी महाराष्ट्र से सिम खरीदकर उन्हें ई-सिम में बदलते थे और विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर कमीशन के बदले काम करते थे। आरोपियों ने करीब पांच महीने पहले मकान किराए पर लिए थे और ताला लगाकर पूरा सिस्टम दूर से ही चलाते थे। शुरुआती जांच में इस नेटवर्क से 100 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का अंदेशा है, जिसमें डिजिटल अरेस्ट और सेक्सटॉर्शन जैसे बड़े साइबर अपराध भी शामिल हैं।
