लखनऊ में मिशन कर्मयोगी कार्यशाला, सीएम योगी ने किया उद्घाटन

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लोकभवन में साधना श्रृंखला-2026 की तीसरी क्षेत्रीय परामर्श कार्यशाला का उद्घाटन किया। क्षमता विकास आयोग की ओर से उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित इस दो दिवसीय कार्यशाला में मिशन कर्मयोगी के तहत सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक और दक्षता-आधारित बनाने पर मंथन होगा।

कार्यशाला में उत्तर क्षेत्र के आठ राज्यों और चार केंद्रशासित प्रदेशों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, प्रशिक्षण संस्थानों के प्रमुख और विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। इनमें बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के साथ चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रतिनिधि शामिल हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। बैठक में सिविल सेवकों की कार्यक्षमता बढ़ाने, प्रशिक्षण व्यवस्था में सुधार और प्रशासनिक जरूरतों के अनुरूप अधिकारियों की दक्षता विकसित करने की रणनीति पर चर्चा हो रही है।

आयोजकों के अनुसार, कार्यशाला में प्रशिक्षण संस्थानों की मौजूदा क्षमताओं का आकलन कर उनके सुधार के लिए व्यावहारिक और समयबद्ध रोडमैप तैयार किया जाएगा। प्रशिक्षकों की दक्षता बढ़ाने और मास्टर ट्रेनर्स तैयार करने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा।