अल नीनो से बढ़ेगा सूखा-बाढ़ का खतरा, संयुक्त राष्ट्र की चेतावनी

न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि प्राकृतिक जलवायु घटना अल नीनो के कारण दुनिया भर में सूखा, बाढ़ और भुखमरी की स्थिति और गंभीर हो सकती है। संगठन के राहत प्रमुख ने इसे विनाशकारी प्रभाव डालने वाली शक्ति बताते हुए वैश्विक अर्थव्यवस्था पर इसके गंभीर असर की आशंका जताई है।

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, अल नीनो से लैटिन अमेरिका, अफ्रीका, एशिया और प्रशांत क्षेत्र में भीषण गर्मी, सूखे और बाढ़ का खतरा बढ़ जाएगा। पहले से ही जलवायु संकट से जूझ रहे कमजोर क्षेत्रों में खाद्य असुरक्षा गहराने की आशंका है, जिससे करोड़ों लोगों का जीवन प्रभावित हो सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि अल नीनो प्रशांत महासागर के तापमान में बदलाव से जुड़ी एक चक्रीय घटना है, जो वैश्विक मौसम पैटर्न को प्रभावित करती है। इसके कारण कुछ क्षेत्रों में अतिवृष्टि होती है, तो कुछ में लंबे समय तक सूखा पड़ता है। कृषि उत्पादन पर इसका सीधा असर पड़ता है।

संयुक्त राष्ट्र ने सदस्य देशों से राहत तैयारियां तेज करने और कमजोर समुदायों की सुरक्षा के लिए समय पर कदम उठाने का आग्रह किया है। संगठन का कहना है कि पूर्व चेतावनी प्रणालियों को मजबूत करके जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है।