म्यांमार ट्रेनिंग कैंप केस में सात विदेशी आरोपियों को राहत

म्यांमार ट्रेनिंग कैंप मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को बड़ा फैसला सुनाया। अदालत ने छह यूक्रेनी नागरिकों को अगली सुनवाई तक भारत से बाहर रहने की अनुमति दे दी। इसके साथ ही मामले के आरोपी अमेरिकी नागरिक मैथ्यू आरोन वैनडाइक को भी अमेरिका जाने की इजाजत मिल गई है। मामले की अगली सुनवाई 24 फरवरी को निर्धारित की गई है।

सुनवाई के दौरान राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और कई महत्वपूर्ण तथ्यों की पड़ताल बाकी है। एनआईए अगली सुनवाई पर अब तक हुई प्रगति की जानकारी अदालत के सामने रखेगी। गौरतलब है कि इन सातों विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी मार्च में हुई थी। अदालत के इस फैसले से सभी आरोपियों को फिलहाल राहत मिली है, हालांकि उन्हें आगे की कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा।