एनआरआई लोन फ्रॉड: 13 ठिकानों पर ED की छापेमारी

एनआरआई हाउसिंग लोन में कथित धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। ईडी के दिल्ली जोनल ऑफिस-दो की टीमों ने मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु और चंडीगढ़ समेत तीन शहरों के कुल 13 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया।

जांच एजेंसी को इनपुट मिला था कि कुछ लोगों और कंपनियों ने सुनियोजित तरीके से फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर एनआरआई हाउसिंग लोन हासिल किया है। इस मामले में मुख्य रूप से एनसीआर की दो रियल एस्टेट कंपनियों — अंतर्क्ष प्रमोटर्स एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और सनशाइन इंफ्रावेल प्राइवेट लिमिटेड — और उनसे जुड़े प्रमोटर जांच के दायरे में हैं। नोएडा में तलाशी अभियान देर तक जारी रहा। एजेंसी का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और दस्तावेजों की पड़ताल के बाद और खुलासे हो सकते हैं।