जसोला में संपत्ति विवाद में हत्या, भाई-भाभी गिरफ्तार
दिल्ली के जसोला गांव में पैतृक संपत्ति के विवाद में हुई मारपीट में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के भाई और भाभी को गिरफ्तार कर लिया है। 21 अक्टूबर को झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस ने संजय वर्मा को गंभीर रूप से घायल पाया था। उन्हें अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी सोनी उर्फ नरगिस और मां जमना देवी भी घायल हुईं, जिन्हें पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में जमना देवी ने आरोप लगाया कि उनके बेटे ओमप्रकाश वर्मा (36) और उनकी पत्नी चंदा वर्मा (34) ने संपत्ति को लेकर हुए विवाद में संजय और परिजनों पर हमला किया था। बयान और मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर सरिता विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने कई टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। चंदा को 21 अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया, जबकि ओमप्रकाश 22 अक्टूबर को सराय काले खां बस अड्डे से गिरफ्तार हुआ। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा, सीसीटीवी फुटेज और अस्पताल से मृतक के कपड़ों का सीलबंद पैकेट बरामद किया है।
