छात्रा आत्महत्या मामले में युवक पर उकसाने का मुकदमा दर्ज

नोएडा में 18 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने कानपुर के एक युवक के खिलाफ उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। कानपुर देहात की रहने वाली यह छात्रा मथुरा के एक विश्वविद्यालय में फॉरेंसिक साइंस की पढ़ाई कर रही थी। परीक्षा देने आई वह 14 मई को सेक्टर-73 के पास सरफाबाद गांव में रिश्तेदार के घर फंदे से लटकी मिली थी।

छात्रा के पिता की शिकायत के मुताबिक आरोपी युवक ने खुद को एक राजनीतिक दल का नेता बताकर उनकी बेटी से दोस्ती की और उस पर शादी का दबाव बनाया। परिवार का आरोप है कि युवक ने छात्रा का यौन और मानसिक उत्पीड़न किया। नवंबर 2025 में छात्रा ने पिता को संदेश भेजकर मारपीट की जानकारी भी दी थी। घटना के दिन आरोपी ने ही परिवार को सूचना दी थी कि उनकी बेटी फांसी लगाने जा रही है।

सेक्टर-113 थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर उसका डेटा निकलवाया जा रहा है और आरोपी को पकड़ने के लिए कानपुर में टीम भेजने की तैयारी है।