बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर आज मतदान जारी
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया, जो शाम चार बजे तक चलेगा। चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों (पटना, दरभंगा, तिरहुत, कोसी) और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों (पटना, दरभंगा, तिरहुत, सारण) में कुल 5,32,847 मतदाता 150 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
पटना स्नातक क्षेत्र में मुकाबला सबसे दिलचस्प हो गया है, जहाँ सत्तारूढ़ जदयू में खुली बगावत देखने को मिली है। मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज पार्टी के अनूज सिंह का समर्थन कर दिया है। पूर्व मंत्री और नीतीश कुमार के करीबी नीरज कुमार इस सीट से लगातार चौथी बार जीत की तलाश में हैं। अनंत सिंह का आरोप है कि नीरज कुमार ने पिछले विधानसभा चुनाव में उनके खिलाफ काम किया था।
भाजपा चार सीटों पर लड़ रही है, जिनमें तीन मौजूदा सदस्य दोबारा मैदान में हैं। जदयू बाकी चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे है। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी सभी आठों सीटों पर लड़ रही है, जो उसका पहला बड़ा चुनावी इम्तिहान माना जा रहा है। मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
