यूपी में 11 विधान परिषद सीटों पर आज मतदान
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक 72 जिलों में मतदान चलेगा। कुल 14,81,310 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जबकि 152 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
चुनाव के लिए 2,697 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और निगरानी के लिए चुनाव पर्यवेक्षक, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव इस मतदान क्षेत्र से बाहर हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा के अनुसार मतदाता सूची में पाई गई कुछ त्रुटियां कुल मतदाताओं के 0.01 प्रतिशत से भी कम हैं।
मतदान के मद्देनजर नोएडा और गाजियाबाद समेत कई जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी के आदेश के अनुसार नर्सरी से बारहवीं तक की कक्षाएं स्थगित रहेंगी। यह पहली बार है जब स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची डिजिटल तरीके से तैयार की गई है।
