कानपुर में 2.66 करोड़ की साइबर ठगी, दो गिरफ्तार
कानपुर पुलिस ने 2.66 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का पर्दाफाश करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जाजमऊ के एक निर्यातक को फर्जी निवेश योजना के जरिए ठगा गया था। पीड़ित मोहम्मद अहमद लारी से 18 जून से 10 अगस्त के बीच एक ऐप के माध्यम से निवेश के नाम पर यह रकम हड़पी गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अखिल सिंह चौहान और सत्येंद्र यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके जुड़े खातों में 30 लाख रुपये फ्रीज किए हैं और 31 संदिग्ध म्यूल खातों की पहचान की है, जिन्हें कथित तौर पर चौहान ने खुलवाया था। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम देशभर के 89 बैंक खातों के जरिए घुमाई गई, जबकि मुख्य साजिशकर्ता मुंबई में बैठे बताए जा रहे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि इस ठगी का खुलासा एक बैंक प्रबंधक के खिलाफ दर्ज कराई गई कथित फर्जी शिकायतों की जांच के दौरान हुआ। पुलिस के अनुसार प्रबंधक पर बैंकिंग सुविधाएं देने का दबाव बनाने के लिए शिकायतें दर्ज कराई गई थीं, जिनकी जांच ने बड़े साइबर गिरोह तक पहुंचा दिया।
