राम मंदिर परिसर में दीपावली पर जलेंगे दो लाख दीये
दीपावली पर अयोध्या का श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर भी दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। मंदिर परिसर में करीब दो लाख दीये जलाने की तैयारी है, जिनकी रोशनी से पूरा परिसर दिव्य आभा से भर उठेगा। ट्रस्ट की ओर से दीये सजाने और जलाने की व्यवस्था स्वयंसेवकों को सौंपी गई है।
मंदिर परिसर में दीपोत्सव के साथ विशेष दर्शन व्यवस्था भी रहेगी, ताकि श्रद्धालु रामलला के दर्शन सुगमता से कर सकें। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। दीपों के साथ फूलों और रंगोली से भी परिसर को सजाया जा रहा है।
गौरतलब है कि प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में हर त्योहार विशेष उत्साह से मनाया जा रहा है। दीपावली पर मंदिर नगरी में देश-विदेश से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। स्थानीय व्यापारियों और होटल संचालकों में भी त्योहार को लेकर उत्साह है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों से ही आवागमन करें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
