अयोध्या दीपोत्सव में 2200 बटुक करेंगे सरयू महाआरती
अयोध्या में दसवें दीपोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं और इस बार सरयू तट पर एक अनोखा नजारा देखने को मिलेगा। दीपोत्सव के अवसर पर 2200 बटुक एक साथ सरयू की महाआरती करेंगे, जिसे विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज कराने की तैयारी है। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हजारों दीपों की रोशनी में होने वाली यह आरती श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगी।
प्रशासन और आयोजन समिति ने महाआरती की व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बटुकों के अभ्यास से लेकर घाटों की सजावट तक हर पहलू पर नजर रखी जा रही है। दीपोत्सव पर रामनगरी में 30 लाख से अधिक दीये जलाए जाने का लक्ष्य रखा गया है और 2100 ड्रोन का शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
दीपोत्सव के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के अयोध्या पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। होटलों और धर्मशालाओं में बुकिंग तेज है। स्थानीय लोगों में भी उत्सव को लेकर भारी उत्साह है और राम की पैड़ी से लेकर प्रमुख मार्गों तक सजावट का काम अंतिम चरण में है।
